उत्तराखंडक्राइम

ऋषिकेश में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद, क्रेटा कार से 100 व्हिस्की की बोतलें और 24 बीयर जब्त; मेरठ का युवक गिरफ्तार

देहरादून/ऋषिकेश। उत्तराखंड में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गढ़ी श्यामपुर के पास एक कार से शराब की खेप बरामद की है। हुंडई क्रेटा कार में ले जाई जा रही शराब पर डिफेंस कैंटीन और चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने के लेबल लगे हुए थे। शुरुआती जांच में बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल संदिग्ध पाए गए हैं। मामले में मेरठ निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम और देहरादून के जनपदीय प्रवर्तन दल ने आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम ने गढ़ी श्यामपुर के पास वाहन की तलाशी ली, जिसमें कुल 10 पेटी शराब बरामद हुई। इनमें रॉयल स्टैग व्हिस्की की 100 बोतलें और बडवाइजर बीयर की 24 बोतलें शामिल थीं।

जांच के दौरान व्हिस्की की बोतलों पर ‘फॉर सेल डिफेंस पर्सनल ऑनली’ और बीयर की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ लिखा मिला। आबकारी विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बोतलों पर चस्पा लेबल और होलोग्राम नकली होने की आशंका सामने आई है। इनकी वास्तविकता की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जा रही है।

विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और उसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के लेबल लगाकर शराब को कैंटीन से खरीदी गई शराब के रूप में पेश करने की कोशिश की जा सकती है।

आबकारी विभाग के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान निशांत शर्मा, पुत्र राकेश शर्मा, निवासी मोदीपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि शराब मेरठ से लाई गई थी और बोतलों पर डिफेंस से संबंधित लेबल इसलिए लगाए जाते थे, ताकि आम लोगों को यह कैंटीन की शराब लगे।

विभाग को आशंका है कि शराब की इस खेप को मौजूदा शादी और पार्टी के सीजन में खपाने की योजना थी। हालांकि, शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।

आबकारी विभाग ने आरोपी को अवैध शराब के परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत ऋषिकेश आबकारी क्षेत्र में मुकदमा दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। बरामद शराब के लेबल और होलोग्राम की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के साथ देहरादून जनपदीय प्रवर्तन दल के आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल और अर्जुन सिंह सहित आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।